Thursday, 29 January 2015

मुख्यमंत्री ने जेपी अस्पताल की व्यवस्थाओं को सराहा


भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के जयप्रकाश अस्पताल में नागरिकों की स्वास्थ्य जाँच और उपचार व्यवस्थाओं की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने तत्कालीन अस्पताल अधीक्षक डॉ. वीणा सिन्हा को भेजे अर्ध-शासकीय पत्र में प्रशंसा करते हुए कहा है कि राज्य के समस्त नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करवाने राज्य में लगभग दो वर्ष पूर्व प्रारंभ की गयी समस्त सुविधाओं की उपलब्धता गत नवम्बर माह से स्वास्थ्य सेवा गारंटी योजना के रुप में सुनिश्चित की गयी है। योजनाओं के अमल का पैमाना उसके क्रियान्वयन एवं प्राप्त परिणामों पर निर्भर है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रशंसा-पत्र में लिखा है कि 7 जनवरी 2015 को मध्य रात्रि में मैंने राज्य शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य की समस्त योजनाओं के क्रियान्वयन की व्यवस्थाओं से अवगत होने के लिए जयप्रकाश अस्पताल, भोपाल का भ्रमण किया तथा भर्ती मरीजों से चर्चा की। मुझे इस बात की अत्याधिक प्रसन्नता है कि मरीजों को नि:शुल्क औषधियाँ, नि:शुल्क जाँचें, पौष्टिक भोजन तथा अन्य समस्त स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यह योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्षम नेतृत्व एवं सतत पर्यवेक्षण के कारण संभव हुआ है। मैं उपरोक्त कार्य के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ तथा आशा करता हूँ कि भविष्य में भी आप इसी प्रकार कार्य करती रहेंगी। कृपया अपने समस्त सहयोगियों को भी मेरी भावनाओं से अवगत करवायें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पत्र में समस्त अस्पताल स्टाफ को भी बधाई और शुभकामनाएँ दीं हैं।

आग से झुलसी मासूम ने तोड़ा दम


भोपाल। शाहपुरा इलाके में करीब एक सप्ताह पहले चूल्हे में आग में झुलसी चार साल की मासूम ने कल देर शाम दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मजदूरी करने वाला राजू फुटपाथ अपने परिवार के साथ रहता है। 20 जनवरी को चूल्हे में आग जलाते समय उसकी चार वर्षीय बेटी मोंटू आग की चपेट में आ गई थी। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा था। जहां कल शाम उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

वीआईपी रोड पर कार पलटी, चार लोग घायल


भोपाल। वीआईपी रोड पर आज सुबह एक कार पलट गई जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। एक्सीडेंट के कारण वीआईपी रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस के मुताबिक आज सुबह करीब दस बजे एक कार वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार से आ रही थी कि खानूगांव के पास वह पलट गई। उसमें सवार चार लोग घायल हो गए जिनमें से एक व्यक्ति गंभीर है। कार पलटने से वीआईपी रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया था और पुुलिस ने जब क्रेन से कार उठाकर एक तरफ की तब कहीं ट्रैफिक सामान्य रूप से चालू हो सका।

थाने में फरियादी के साथ नहीं होगी बदसलूकी


भोपाल। अब थाने में एफआईआर दर्ज कराने जाने वाले फरियादी के साथ पुलिस सौहार्द पूर्ण तरीके से पेश आएगी। उनके साथ किसी भी तरीके की बदसलूकी नहीं की जाएगी। इसके लिए मैदानी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जयंत मलैया की अध्यक्षता गठित मंत्रीपरिषद समिति की बैठक ने मंथन की इस सिफारिश को मंजूरी दी है। समिति के सदस्य के रूप में पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री गोपाल भार्गव, राजस्व मंत्री रामपाल सिंह, जीएडी राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य और जीएडी के प्रमुख सचिव के सुरेश सहित उप सचिव बीआर विश्वकर्मा मौजूद थे। अब आदिवासी अपने पारिवारिक कार्य या अन्य महत्वपूर्ण कार्य के लिए पैसों की जरूरत होने पर अपनी जमीन किसी अन्य वर्ग को बेच सकेंगे। जमीन बेचने की इस प्रक्रिया को सरल बनाने राजस्व विभाग आदिवासी भूमि विक्रय अधिनियम में संशोधन करेगा। बैठक में इस सिफारिश मंजूरी की गई। इसी प्रकार शिक्षकों की ड्यूटी गैर शैक्षणिक कार्य में लगाए जाने के कारण बच्चों की शिक्षा में व्यवधान को देखते हुए चुनाव और जनगणना को छोड़कर शिक्षकों की ड्यूटी यानि गैर शैक्षणिक कार्य में नहीं लगाई जाने सहित स्कूलों के भवन और मैदान शादी, समारोह या राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं दिए जाने की सिफारिश भी मान्य की गई।

पहचान तय करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्धारित किए ये 18 दस्तावेज


भोपाल। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के निर्वाचन में मतदाता की पहचान स्थापित करने के लिए 18 दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं। इसमें से कोई भी एक दस्तावेज मतदाता वोटिंग के दौरान दिखा सकता है। राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम ने जानकारी दी है, कि पहचान के लिए निर्धारित दस्तावेजों में- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिया गया मतदाता पहचान-पत्र, राशन कार्ड/नीला राशन कार्ड/पीला राशन कार्ड, बैंक/किसान/डाकघर पासबुक, शस्त्र लाइसेंस, फोटो युक्त सम्पत्ति दस्तावेज जैसे पट्टा, रजिस्ट्रीकृत विलेख आदि, विकलांगता प्रमाण-पत्र, निराश्रित प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान-पत्र (पी.ए.एन. कार्ड), राज्य/केन्द्र सरकार/ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/ स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले सेवा पहचान-पत्र, छात्र पहचान-पत्र, सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी अ.जा./अजजा/ अन्य पिछड़ा वर्ग/अधिवासी प्रमाण-पत्र, पेंशन दस्तावेज जैसे भूतपूर्व सैनिक पेंशन अदायगी आदेश/भूतपूर्व सैनिक विधवा/आश्रित प्रमाण-पत्र, रेलवे पहचान-पत्र, स्वतंत्रता सेनानी पहचान-पत्र, फोटोयुक्त आधार कार्ड और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटोयुक्त मतदाता पर्ची शामिल है। इनमें से कोई भी दस्तावेज जो परिवार के मुखिया के पास ही उपलब्ध होता है, परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा। इसी प्रकार से परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम से कोई दस्तावेज अन्य सदस्यों की पहचान के लिए भी प्रयोग किया जा सकता है। पूर्व में प्रावधान था कि, यदि कोई मतदाता कोई भी दस्तावेज दिखाने में असफल रहता है, तो पीठासीन अधिकारी स्थानीय शासकीय विद्यालय के शिक्षक या किसी शासकीय कर्मचारी अथवा किसी प्रतिष्ठित स्थानीय निवासी से उसकी पहचान सत्यापित कराने के बाद, उसे वोट देने के लिए अधिकृत करता था। अब इस प्रावधान को निरस्त कर दिया गया है।

युवक से चोरी का मोबाइल एवं नगदी बरामद


भोपाल। शाहजहांनाबाद पुलिस ने गुरुवार सुबह एक युवक को चोरी के मोबाइल एवं 15,000 रुपए नगद के साथ गिरफ्तार किया। युवक का नाम अम्मार हुसैन (उम्र 19) पिता जाहिद हुसैन बताया जा रहा है। शक के आधार पर पुलिस ने युवक को उसके घर नूरमहल ओल्ड जागरण प्रेस अशोका कॉलोनी से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान युवक ने एलबीएस हॉस्पिटल से एक बैग चोरी करने का जुर्म कबूल किया। इस बैग में 15,000 रुपए कैश एवं 20,000 के अन्य सामान सहित एक मोबाइल भी रखा हुआ था। बैग के मालिक ने कुछ दिन पहले ही अपना बैग एवं मोबाइल चोरी होने की एफआईआर संबंधित थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने एफआईआर में दर्ज आईएमआई नंबर का मिलान करने के बाद मोबाइल उसके मालिक को सौंप दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने उक्त आरोपी को अग्रिम कार्यवाही करने के लिए थाना शाहजहांनाबाद भेज दिया है।

3 सालों ने मिलकर जीजा को जिंदा जलाया


- तीनों आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

भोपाल।
जहांगीराबाद में एक युवक को उसके रिश्तेदारों द्वारा जिंदा जलाए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, युवक की पत्नी एवं सालों ने किसी बहाने से उसे अपने घर बुलाया था, जहां, पत्नी एवं उसने परिजनों से उसकी लड़ाई हो गई। लड़ाई इतनी बढ़ गई कि, गुस्साए सालों ने मिलकर युवक को जिंदा जला दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सालों की तलाश शुरू कर दी है। जहांगीराबाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऐशबाग फाटक के सामने रहने वाले युवक साजिद की ससुराल हाता कल्लाशाह में है। साजिद का काफी समय से उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अपने मायके चली गई थी। वहीं, पत्नी और उसके पिता ने बहाने से साजिद को बुलाया और घर में ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। तभी, उसके तीन साले मौके पर पहुंच गए एवं पेट्रोल डालकर उस जिंदा जला दिया। लगभग 60 प्रतिशत जल चुके साजिद के परिजनों ने बताया कि साजिद की ऐशबाग फाटक के सामने पंचर की दुकान है। रोजाना की तरह साजिद गुरुवार को अपनी दुकान पर गए, तभी साजिद का साला रियाज आया और उसने किसी बहाने से साजिद को घर आने का कहा। साजिद अपना काम छोड़कर साले के साथ उनके घर चला गया। यहां पर रियाज, आयाज और फय्याज ने साजिद को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार है, वहीं साजिद को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।